संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित जनता अस्पताल में कार्यरत लैब संचालक की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह जब अस्पताल के कर्मचारी लैब में पहुंचे तो उन्होंने लैब संचालक का शव परिसर में पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में खलबली मच गई और अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय विजय कुमार राणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का रहने वाला था।
विजय कई वर्षों से जनता अस्पताल की लैब में कार्यरत था। फिलहाल आत्महत्या या मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी रामफल ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि जनता अस्पताल में एक युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल की लैब में युवक का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे हिमाचल प्रदेश से कैथल पहुंचे। परिजनों के बयान दर्ज कर शव उन्हें सौंप दिया गया। जांच अधिकरी ने बताया कि विजय कुमार राणा विवाहित था। पुलिस ने उसकी पत्नी से भी बातचीत की है। पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर ओवरडोज इंजेक्शन लेने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच की गई, लेकिन उसमें भी कोई ऐसा संकेत नहीं मिला जिससे किसी दबाव या विवाद की पुष्टि हो सके। -रामफल, जांच अधिकारी, थाना सिविल लाइन