संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरा समाचार है। अब रेलवे ने सांसद नवीन जिंदल के आग्रह पर बंद हुई कुरुक्षेत्र-दिल्ली डेमू एक्सप्रेस ट्रेन 14023/14024 को वीरवार से शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन को शुरू करने के लिए कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने एक दिन पहले ही उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखा था।
इस पत्र में सांसद ने इस ट्रेन को जल्द ही शुरू करने की मांग की थी। पत्र में कहा गया था कि यह कैथल और कलायत से केवल एकमात्र दिल्ली जाने वाली ट्रेन है। इस ट्रेन के बंद होने से इस क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
गौतलब है कि यह ट्रेन कैथल से सुबह के समय दिल्ली जाती है। जबकि दिल्ली से शाम के समय वापस कैथल आती है।
प्लेटफार्म संख्या दो पर चल रहा है कार्य, इसलिए बंद हुई ट्रेन ः दिल्ली में प्लेटफार्म संख्या दो पर कुछ निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कारण से ही रेलवे ने इस ट्रेन को गत 10 अगस्त को बंद किया था। रेलवे के आदेशों के तहत 25 सितंबर तक के लिए रद्द कर दिया गया था। सांसद नवीन जिंदल ने पत्र में लिखा था कि ट्रेन बंद होने से लोकसभा क्षेत्र के कलायत और कैथल के निवासियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि यह एकमात्र ट्रेन है जो उन्हें सीधे दिल्ली से जोड़ती है।
यह ट्रेन दैनिक यात्रियों के लिए आवश्यक है, और इसके रद्द होने से उनकी दिनचर्या बाधित हो रही थी। जिंदल ने इस ट्रेन को शकूर बस्ती, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट या दिल्ली सफदरजंग से संचालित करने की मांग की थी। इस मांग के बाद रेलवे ने ट्रेन शुरू करने का फैसला लिया।
स्टेशन अधीक्षक एनके शर्मा ने बताया कि रेलवे से इस ट्रेन के वीरवार से शुरू होने को लेकर पत्र जारी किया गया है। अब दिल्ली जाने वाले यात्री कैथल से ट्रेन के माध्यम से भी जा सकते हैं।
-