कैथल। पुलिस ने प्यौदा रोड पर दो युवकों के बीच हो रहे झगड़े के दौरान एक युवक से चाकू बरामद किया है। मामले में पुलिस दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झगड़े में शामिल दोनों युवक करनाल के रहने वाले हैं।
सिविल लाइन थाना में दी गई शिकायत में सिपाही कपिल ने बताया कि वह वीरवार रात करीब सवा 11 बजे करनाल रोड पर छोटूराम चौक पर मौजूद था। उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि प्यौदा रोड कैथल में गली नंबर पांच में दो अंजान युवक गली में सार्वजनिक स्थान पर ऊंची आवाज में गालीगलौज कर रहे हैं। इसके बाद वह वहां पर पहुंचा तो देखा कि दो नौजवान लडके आपस में एक दूसरे के साथ झगड़ते हुए सार्वजनिक स्थान पर ऊंची आवाज में अपशब्द बोल रहे थे। इस कारण वहां की शांति भंग हो रही थी। उन्हें काबू कर पूछताछ में एक ने नाम साहिल निवासी बाजीदपुर जिला करनाल बताया व दूसरे ने रोशन निवासी सेक्टर चार करनाल बताया। साहिल की तलाशी ली तो उसकी पहनी पैंट की दाहिनी जेब से एक चाकू बरामद हुआ। जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद