गुहला-चीका। हलका गुहला के हरनौला गांव के प्रतिभावान खिलाड़ी किरतपाल सिंह ने 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। नेशनल स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच किरतपाल ने अपनी टीम के साथ बेहतरीन तालमेल और स्पीड का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से न केवल पंजाब स्टेट बल्कि हलका गुहला और पूरे कैथल जिले का नाम रोशन हुआ है। किरतपाल सिंह इस समय पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से डीपीएड की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बचपन से ही खेलों में विशेष रूचि दिखाई और लगातार मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। किरतपाल के पिता गुरमेज सिंह ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा, हमें हमेशा से भरोसा था कि किरतपाल मेहनत और लगन से एक दिन बड़ा मुकाम हासिल करेगा। आज उसने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम ऊंचा किया है। मैं चाहता हूँ कि हमारे इलाके के अन्य युवा भी खेलों में आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करें। गांव के सरपंच और खेल प्रेमियों ने भी किरतपाल को बधाई दी और कहा कि उसकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
14 अक्तूबर, गुहला चीका: हरनौला के किरतपाल सिंह ने नेशनल जूनियर एथलेटिक्स में जीता कांस्य के बाद खुशी जाहिर करते हुए।