संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव करोड़ा का 13 वर्षीय मुक्केबाज किरत बनवाला अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर बॉक्सिंग के क्षेत्र में लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहा है। कम उम्र में ही उसने जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अपनी उपलब्धियों के बल पर किरत जिले के उभरते हुए मुक्केबाजों में शामिल है।
किरत बनवाला वर्तमान में शिवालिक पब्लिक स्कूल, कैथल में आठवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता रणदीप सिंह पेशे से ड्राइवर हैं, माता गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें भी हैं, जो उसे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। परिवार के सहयोग और अपने दृढ़ संकल्प के दम पर किरत ने कम उम्र में ही खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।
किरत ने मात्र नौ वर्ष की आयु में बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। शुरुआती दिनों से ही खेल के प्रति उसकी गहरी रुचि और समर्पण ने उसे लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वर्तमान में वह कैथल के इंडोर स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रहा है और खेल को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है।
अब तक किरत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुका है। इसके अलावा वह दो बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुका है। उसकी उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि वह भविष्य में बॉक्सिंग के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करने की क्षमता रखता है। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किरत प्रतिदिन सुबह तीन घंटे और शाम को तीन घंटे अभ्यास करता है। फिटनेस, तकनीकी कौशल और रिंग में प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए वह लगातार पसीना बहा रहा है। किरत का कहना है कि उसका सपना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को देता है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वह निरंतर आगे बढ़ रहा है। वहीं, कोच अमरजीत का कहना है कि किरत में बेहतरीन प्रतिभा, आत्मविश्वास और सीखने की ललक है।