पूंडरी। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में एनएसएस यूनिट की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथिन मुक्त भारत विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 15 स्वयंसेविकाओं में से खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार रीना द्वितीय, सूर्यांशी ने तृतीय और अन्नु ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पॉलिथिन के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। प्रधानाचार्य गिरधारी लाल शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे और पॉलिथिन के उपयोग को कम कर वैकल्पिक साधनों को अपनाना जरूरी है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनील दत्त ने भी पॉलिथिन के हानिकारक प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसके उपयोग से बचने के लिए कहा। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र शर्मा, ब्रजेश टाया सहित अंशिका आदि मौजूद रहे।