संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रेलवे की ओर से गत पांच मार्च से शुरू की गई कुरुक्षेत्र-मदार खाटू श्याम मेला स्पेशल ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से चल रही है। अन्य ट्रेनें भी लेट होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
पिछले दो दिन में कुरुक्षेत्र-मदार खाटू श्याम मेला स्पेशल ट्रेन काफी देरी से कैथल के रेलवे स्टेशन पर पहुंची। रविवार को कुरुक्षेत्र से मदार के लिए चली ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से कैथल पहुंची थी। ऐसे में इस ट्रेन के देरी से चलने के कारण अन्य ट्रेनों का समय भी प्रभावित हो रहा है। इस कारण सुबह के समय कुरुक्षेत्र से दिल्ली जाने वाली डेमू एक्सप्रेस देरी से चल रही है।
यात्रियों का कहना है कि इस समय कोहरा और धुंध भी नहीं है पर बावजूद इसके ट्रेन लेट चल रही है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही कैथल से जींद व दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ रहा है। रात को 10 बजे इस ट्रेन का आगमन होना होता है, लेकिन दो घंटों की देरी से पहुंचने से रात को कुरुक्षेत्र व जींद जाने वाली ट्रेन को रोक कर रखा गया।
रविवार को छोड़कर सुबह के समय छह बजकर 40 मिनट पर दिल्ली जाने वाली डेमू एक्सप्रेस पहुंचती है, लेकिन यह सोमवार सुबह के समय करीब 40 मिनट की देरी से कैथल पहुंची। इस ट्रेन में ही कैथल से व्यापारी सबसे ज्यादा सफर करते है। सुबह के समय अपने अपने कामों पर जाने वाले यात्रियों पर इसका असर पड़ रहा है।
कैथल रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस समय खाटू श्याम में लक्खी मेले का आयोजन हो रहा है। ऐसे में रिंगस जंक्शन के लिए काफी संख्या में मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है। ट्रेनों का अधिक यातायात होने के चलते ट्रेन का देरी से संचालन हो रहा है।