संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लोकसभा आम चुनाव कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान जिला पुलिस सतर्कता के साथ ड्यूटी पर रही। हालांकि किसी मतदान केंद्र पर विवाद जैसी बड़ी घटना सामने नहीं आई, लेकिन पुलिस व सीआरपीएफ की टीमों की पैनी नजर रही।
इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। पुलिस की ओर से करीब 2600 पुलिस कर्मचारियों-अधिकारियों व अर्धसैनिक बलों के जवानों को सुरक्षा में लगाया गया। इनमें करीब आधी संख्या में महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच भी की। बाद में उन्हें जाने दिया।
एसपी उपासना ने स्वयं बूथों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वहां मौजूद सभी पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में निष्पक्ष डयूटी के दौरान आमजन से मधुर व्यवहार करें व किसी पार्टी विशेष बारे बातचीत न करके अपनी ड्यूटी का निर्वहन करे। एसपी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बने कई मतदान केंद्रों का दौरा किया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि एसपी के अलावा जिले के सभी डीएसपी व थाना प्रबंधक पूरे दिन मतदान के दौरान अपने अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमण पर रहे। मतदान के दौरान पुलिस अधिकारियों के औचक निरीक्षण से मतदाताओं ने खुद को सुरक्षित महसूस करते हुए मतदान किया। सुबह से लेकर शाम तक कर्मचारी व अधिकारी निर्धारित स्थानों पर तैनात रहे।