13-कैथल। जिला अस्पताल स्थित एमरजेंसी वार्ड में दौरा करते हुए कायाकल्प की टीम व साथ मौजूद सीएमओ।
- फोटो : Kaithal
करनाल से पहुंची कायाकल्प की टीम ने शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम सुबह 11 बजे से पहले अस्पताल में पहुंची और वहां मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं, सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करीब दो घंटे तक टीम ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर जांच की। जांच के बाद टीम में शामिल डॉक्टरों ने अस्पताल में कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर, लेखा शाखा और अन्य प्रकार के रिकॉर्ड को भी जांचा।
टीम में शामिल डॉक्टरों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से भी बातचीत की। इमरजेंसी वार्ड में दाखिल मरीजों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत अस्पताल में नहीं आई है। इसके अलावा टीम ने ओपीडी के लिए कमरों के बाहर खड़े मरीजों और उनके परिजनों से भी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। टीम में शामिल सिविल अस्पताल करनाल से डीएमएस डॉ. रजनीश कुमार, डॉ. आरती व गुणवत्ता प्रबंधक नरेंद्र कौर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सभी सुविधाएं संतोषजनक पाई गई हैं।