38-कलायत। बच्चे के साथ मेडिकल रिपोर्ट दिखाता बीपीएल परिवार
- फोटो : Kaithal
कलायत में 2 वर्ष 11 माह का मासूम अर्नव फेफड़ों की धमनी में छेद होने के कारण एक-एक सांस के लिए जंग लड़ रहा है। नाजुक स्थिति पर परिवार के लोग निरंतर बच्चे के पास संजीदगी से डटे रहते हैं। दिल्ली और चंडीगढ़ के चिकित्सकों ने इस मासूम बच्चे के सुरक्षित जीवन के लिए अभिभावकों को ऑपरेशन करवाने का परामर्श दिया है। समुचित उपचार के लिए करीब 10 लाख रुपये की आवश्यकता है। वार्ड 4 में यह बच्चा जिस बीपीएल परिवार से संबंध रखता है, उसके पास इतने साधन नहीं हैं कि वे इतनी बड़ी राशि का प्रबंध कर सकें। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मासूम की जिंदगी को बचाने के लिए आखिरकार वे इतनी बड़ी रकम कहां से एकत्रित करें। इसलिए इंसानियत के ऐसे फरिश्तों की परिवार को इंतजार है जो आर्थिक सहायता मुहैया करवाकर बच्चे की सांसों की डोर को मजबूत कर सके।
अर्नव के पिता सुशील सैन और माता सोनिया ने बताया कि जन्म से ही उनके बेटे को सांस लेने में समस्या रही है। चिकित्सकों से जांच करवाने पर जानकारी मिली कि बच्चे के फेफड़े की धमनियों में छिद्र है। आयुष्मान योजना के माध्यम से शासन-प्रशासन की तरफ से जो मदद मिली, उससे उन्होंने बच्चे का 15 दिन की आयु में पहला ऑपरेशन करवाया। इस बीमारी को जानलेवा एवं घातक बताया जा रहा है। एकमात्र उपचार मेजर सर्जरी है। फिर से बच्चे का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इसके मद्देनजर चिकित्सकों ने अब पुन: ढाई वर्ष की आयु में ऑपरेशन का परामर्श दिया है। बच्चा 2 वर्ष 11 माह की आयु को पार कर चुका है।
बच्चे के लिए सर्जरी अनिवार्य : सर्जन
जरनल सर्जन डॉ. पायल ने बताया कि फेफड़े का मुख्य कार्य वातावरण से प्राण वायु लेकर रक्त परि संचरण में प्रवाहित करना है। छिद्र के कारण आक्सीजन हृदय तक नहीं पहुंच पा रही है। बच्चे के जीवन के लिए सर्जरी करवाना बेहद अनिवार्य है।
मंत्री के संज्ञान में लाया गया है मामला : सिंगला
हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं महिला पार्षद प्रतिनिधि संजय सिंगला ने बताया कि मासूम अर्नव उनके पड़ोस में रहता है। हर कोई बच्चे की नाजुक स्वास्थ्य स्थिति से सभी चिंतित है। हालातों से नगर पालिका चेयरपर्सन शशीबाला कौशिक को भी अवगत करवाया गया है। साथ ही परिवार की आर्थिक सहायता के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा से उन्होंने परिवार की संभव मदद की अपील की है। आम जन का सहयोग भी बच्चे के लिए अनमोल साबित हो सकता है।