संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ग्योंग गांव के निकट जमीन पर कब्जा दिलवाने गए कानूनगो को जबरन उसकी गाड़ी से खींचते हुए मारपीट का मामला सामने आया है। कानूनगो ने मोबाइल फोन भी तोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने 10-11 नामजद लोगों के साथ 30-35 लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हलका कैथल के फील्ड कानूनगो रामशरण ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक मई को दोपहर करीब 12:00 बजे वह पटवार भवन कैथल से जीपीएस सर्वर बलविंदर सिंह चहल, गुरमीत चहल को साथ लेकर अपनी गाड़ी से ग्योंग के पेट्रोल पंप के निकट जमीन पर कब्जा दिलाने गए थे।
कानूनगो के अनुसार, वहां पर रामचंद्र, रामलाल, ओमप्रकाश, चरण सिंह, रत्न, अशोक, बलजिंदर, करना, शुभम, बलदेव व कर्मा ने मिलकर उसे उसकी गाड़ी से खींचकर उसका अपहरण कर लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने हथौड़े से उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। यही
नहीं 30-35 व्यक्तियों ने उस पर गंडासी तथा डंडों से हमला करने का प्रयास किया।
हादसे में वह बेहोश हो गया। बाद में राहगीरों ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। कैथल थाना सदर प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।