संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। हरियाणा कांबोज सभा की जिला इकाई की बैठक सीवन में हुई। इसमें आने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में विचार विमर्श किया गया। बैठक के बाद जिला प्रधान जरनैल सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांबोज बिरादरी की चुनावों में हमेशा अनदेखी की जाती है इस कारण से राजनीतिक तौर पर कांबोज बिरादरी हमेशा पिछड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि कांबोज बिरादरी हरियाणा प्रदेश में सात और पंजाब के 17 हल्कों में अपने उम्मीदवार जिताने की क्षमता रखती है, लेकिन हमेशा से ही उनके के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी दल ने कांबोज बिरादरी को लोकसभा और राज्य सभा दोनों में कोई भी टिकट नहीं दिया है।
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में कांबोज बिरादरी की कुल एक लाख 80 हजार के लगभग वोट हैं जिनमें से 22 हजार वोट हलका गुहला में हैं। कांबोज बिरादरी की जनसंख्या पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार तथा भारत के अन्य राज्यों में कुल मिलाकर 16 करोड़ के लगभग है परंतु हरियाणा और पंजाब को छोड़कर अन्य राज्यों में हमारी विधायकों की संख्या शून्य ही रहती है। इस अवसर पर हरजिंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, गुरचरण सिंह, सुखविंद्र सिंह, मनजीत सिंह, केवल सिंह, जगजीत सिंह, केवल सिंह, हेम राज आदि मौजूद रहे।