जीत के बाद कोच के साथ जन्नत। विज्ञप्ति
कैथल। पटियाला में आयोजित यूथ नेशनल बॉक्सिंग ट्रायल में कैथल की बॉक्सर जन्नत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ जन्नत का चयन यूथ ओलंपिक कैंप के लिए हुआ है।
54 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए जन्नत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में चंडीगढ़ की बॉक्सर और दूसरे मुकाबले में पंजाब की बॉक्सर को मात दी। फाइनल मुकाबले में जन्नत ने महाराष्ट्र की बॉक्सर को 5-0 के एकतरफा अंतर से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। जन्नत पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर हैं। इससे पहले भी वह कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। जन्नत के पिता दूध का कारोबार करते हैं और उनकी माता गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली जन्नत ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है।
इंडोर स्टेडियम कैथल में तैयार हो रहे हैं युवा बॉक्सर
जन्नत की इस सफलता के पीछे कैथल के इंडोर स्टेडियम में चल रही बॉक्सिंग प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। बॉक्सिंग कोच अमरजीत ने बताया कि वर्तमान में इंडोर स्टेडियम कैथल में करीब 60 से 70 बच्चे नियमित रूप से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की मेहनत और नियमित प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप हर वर्ष लगभग 1-2 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं, जबकि करीब 5 से 6 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा लगभग 15 खिलाड़ी हर वर्ष राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर कैथल का नाम रोशन कर रहे हैं। कोच अमरजीत ने बताया कि खिलाड़ियों को नियमित रूप से तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है। यही कारण है कि इंडोर स्टेडियम कैथल से लगातार अच्छे बॉक्सर सामने आ रहे हैं।
स्टेट स्कूल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन
हाल ही में आयोजित स्टेट बॉयज स्कूल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी इंडोर स्टेडियम कैथल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सेंटर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दो खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर रजत पदक हासिल किए। जगनीत ने अंडर-19 के 46 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं किरत सिंह ने अंडर-14 के 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
जीत के बाद कोच के साथ जन्नत। विज्ञप्ति