कैथल। राजकीय आईटीआई में दाखिला शुरू होने के दूसरे ही दिन विद्यार्थियों में आवेदन के लिए उत्साह दिखाई दिया। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा 975 आवेदन कैथल राजकीय आईटीआई कैथल के लिए किए गए। कैथल राजकीय आईटीआई में 28 कोर्स में 900 सीटें हैं और पूरे जिले में करीब पांच हजार सीटें हैं। कौशल विकास व औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने प्रदेश के राजकीय आईटीआई में 2 जून से दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी।
शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वैसे तो पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है लेकिन फिर भी जो विद्यार्थी खुद आवेदन नहीं कर सकते हैं उनके लिए संस्थान में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। कोई भी छात्र या छात्रा संस्थान में आकर हेल्प डेस्क से नि:शुल्क फार्म भरवा सकते हैं। कालेज में भी विद्यार्थियों के लिए आवेदन से संबंधित सुविधाओं के लिए व्यवस्था की गई है ताकि युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। युवा किसी भी प्रकार की जानकारी हेल्प डेस्क से ले सकते हैं।
कैथल आईटीआई में चलाए जा रहे कोर्स
प्लंबर, फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, वैल्डर, कारपेंटर, कोपा, डीएमएम, डीएमसी, पेंटर जनरल, इलेक्ट्रॉनिक मेकैनिक, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटीनेंस, इंस्ट्रूमेंट मेकैनिक, मेकैनिक आरएसी, मोटर मेकैनिक, ट्रैक्टर मेकैनिक, मशीनीस्ट, मशीनीस्ट ग्राइंडर, टूल एंड डाई, टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, स्टेनो हिंदी, स्टेनो अंग्रेजी, सीविंग टेक्नोलाॅजी और ड्रेस मेकिंग शामिल हैं।
कैथल राजकीय आईटीआई हमेशा से आवेदन और मेरिट के मामले में प्रदेश में टॉप संस्थानों में रही है। यही कारण है कि सबसे ज्यादा आवेदन भी कैथल आईटीआई के लिए आ रहे हैं। वैसे तो पूरी दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन है लेकिन फिर भी किसी विद्यार्थी को परेशानी न हो इसके लिए हर संस्थान में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।
- सतीश मच्छाल, जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई, कैथल।
राजकीय आईटीआई कैथल प्रशिक्षण प्राप्त करते विद्यार्थी। स्वयं- फोटो : संवाद