संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/करनाल। सुमित नरवाल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से निशान पब्लिक स्कूल की क्रिकेट अकादमी में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा मैच फ्यूचर स्टार कैथल व राजेश पाठक क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ के बीच हुआ। इसमें कैथल की टीम को जीत मिली।
टॉस जीतकर चंडीगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में तीन विकेट खोकर 217 रन बनाए। जवाब में कैथल की टीम ने 38 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। 19 मार्च को वूमेन कमेटी चंडीगढ़ व क्रिकेट एकेडमी ऑफ नरवाल की टीम के बीच मैच होना है।
राजेश पाठक क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ की टीम की ओर से पलक राणा ने नाबाद 100 गेंदों में 111 रन बनाए। वहीं नंदिनी राणा ने 41 रन की पारी खेली। फ्यूचर स्टार कैथल की टीम के सभी खिलाड़ियों ने टीम की जीत में सहयोग किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सुमित नरवाल ने बताया कि महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 16 से 31 मार्च तक होगा।
इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं जिसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। कोच उधम राणा ने बताया कि 10 टीमों में दो दिल्ली, दो चंडीगढ़, दो यूपी, एक पंजाब, एक रोहतक, एक कैथल, एक करनाल की टीम शामिल है।
टूर्नामेंट की फाइनल विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ साथ 51 हजार रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी व 31 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 31 मार्च को होना है।