भारतीय किसान यूनियन के किसानों ने गेंहू खरीद मामले में धांधली का आरोप, कर्ज माफी व स्वामीनाथन की रिपोर्ट को लागू करने की मांग को लेकर लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाकियू के युवा प्रदेशाध्यक्ष जसमेर सिंह ने की। जबकि प्रदर्शन का नेतृत्व गुणी प्रकाश ने किया। किसानों ने मांगों को लेकर डीसी कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पूंडरी में वेयर हाऊस द्वारा गेंहू खरीद मामले में बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। किसान यूनियन के नाम पर अवैध वसूली, नशाखोरी, सट्टेबाजी, अफसरों का अनैतिक घर डराए व धमकाए जा रहे है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने चुनावी वायदे के तहत कर्ज माफी का ऐलान किया था। लेकिन ढाई साल के बावजूद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया है। जिससे किसानों में गहरा रोष है।
डीसी जनता के नौकर, सुननी होगी हमारी बात
जब वीरवार को किसानों द्वारा प्रदर्शन के दौरान डीसी द्वारा प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य को ज्ञापन देने का संदेश दिया तो किसान भड़क उठे। किसान नेता गुणी प्रकाश ने कहा कि अब डीसी किसी से मिलना नहीं चाहते। कोई मिलने जाता है तो दरवाजा बंद हो जाता है। अब डीसी को ढांड में ही किसानों से मिलने के लिए आना होगा। क्योंकि वे जनता के नौकर हैं। जनता उनकी नौकर नहीं। 20 मई को ढांड में पंचमुखी चौक पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहां डीसी को स्वयं हमारा ज्ञापन लेने के लिए आना होगा। इस मौके पर जसमेर सिंह, ईश्वर सिंह, राजेश, सूरज सहित अन्य किसान मौजूद रहे।