कैथल। जिले के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर कैथल का नाम रोशन किया है। पंचकूला में कैथल की बास्केटबॉल टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने करनाल और रोहतक की टीमों को हराकर यह सफलता हासिल की है।
पंचकूला के साथ अंबाला में चल रही प्रतियोगिताओं में जिले के कुल 184 खिलाड़ी छह खेल स्पर्धाओं एथलेटिक्स, स्वीमिंग, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल आदि में हिस्सा ले रहे हैं। बास्केटबॉल में कैथल की टीम ने पहले रोहतक और फिर करनाल की टीम को हराया। सेमीफाइनल मुकाबला वीरवार को खेला जाएगा। खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और जोश को देखकर कोच व दर्शक बेहद उत्साहित हैं।
जिला खेल अधिकारी राज रानी ने बताया कि खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित और सुविधाएं दी जा रही हैं ताकि वे पूरे मनोबल के साथ मैदान में उतरें। दूसरी ओर खिलाड़ियों ने कहा कि वे जिले का नाम ऊँचा करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत रंग लाएगी और वे राष्ट्रीय स्तर पर आगे खेलेंगे।