फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: लावारिस बैग मिलने से हड़कंप, बस अड्डा हुआ खाली

Wed, 12 Nov 2025 12:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
बस स्टैंड का दृश्य
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


कैथल। शहर के मुख्य बस अड्डे पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे लावारिस हालत में मिले बैग से हड़कंप मच गया। बैग को देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में बस अड्डा खाली हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस, सीआईए यूनिट और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस अड्डे की इमारत से सभी यात्रियों को बाहर निकाला और काउंटर पर खड़ी बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया। इसके बाद डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर टीम ने बैग की बारीकी से जांच की। सुरक्षा दृष्टि से बस अड्डे के पिछले हिस्से में बैग को खोला गया, जहां पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली, क्योंकि बैग में केवल कपड़े और किताबें निकलीं।
विज्ञापन


प्रारंभिक जांच में पता चला कि बैग गलती से एक यात्री द्वारा चंडीगढ़ जाने वाली बस से उतार लिया गया था।

वह यात्री बस से उतरने के बाद इनक्वायरी बूथ के पास सीढ़ियों में बैग रखकर चला गया था। पुलिस ने बैग कब्जे में लेकर जांच शुरू की और कुछ घंटों बाद यह बैग सिरसा निवासी बीटेक विद्यार्थी साहिल का निकला। शाम तक पुलिस ने उसे सीआईए थाने बुलाकर बैग सुपुर्द कर दिया।

छात्र का था बैग ः पुलिस पूछताछ में सिरसा निवासी साहिल ने बताया कि वह चंडीगढ़ से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार को वह सिरसा से चंडीगढ़ जाने वाली बस में सवार हुआ था। सफर के दौरान उसे नींद आ गई और बस कैथल से निकलने के बाद जब उसकी आंख खुली तो उसका बैग गायब मिला। बाद में जब उसे पुलिस की ओर से सूचना मिली तो वह कैथल पहुंचा और अपना बैग वापस ले गया।

आसपास शहर में फैली बम की अफवाह ः बस अड्डे के आसपास बम की अफवाह फैलते ही शहर में सनसनी फैल गई। कुछ ही मिनटों में लोगों की भीड़ बस अड्डे पर जमा हो गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को माइक पर घोषणा करनी पड़ी कि यह केवल अफवाह है और किसी को डरने की जरूरत नहीं है। रोडवेज कर्मचारियों ने भी इनक्वायरी स्पीकर से लगातार लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की। देर रात तक यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी रही।

पुलिस पूरी तरह सतर्क ः दिल्ली में हाल में हुए ब्लास्ट के बाद कैथल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। चौक-चौराहों और बस अड्डों पर नाकाबंदी के जरिए वाहनों की जांच की जा रही है। इंटरस्टेट नाकों पर भी पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि संदिग्ध व्यक्तियों या वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।

दोपहर को बस अड्डे पर लावारिस बैग मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में स्पष्ट हुआ कि बैग में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं थी। यह एक विद्यार्थी का बैग था, जिसे बाद में उसके मालिक को सौंप दिया गया। -रामनिवास, थाना प्रभारी-सिविल लाइन
विज्ञापन

एसपी की अपील
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, धर्मशाला या सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु को देखकर तुरंत पुलिस को सूचित करें। लावारिस वस्तु को छूएं नहीं, क्योंकि उसमें विस्फोटक पदार्थ हो सकता है। यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। -उपासना, पुलिस अधीक्षक, कैथल

बस स्टैंड का दृश्य

बस स्टैंड का दृश्य

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें