नोटबंदी के 47 दिन बाद सोमवार को बैंकों में भीड़ कम होने लगी है। साथ ही कुछ बैंकों में सरकार द्वारा निर्धारित साप्ताहिक सीमा की पूरी नकदी दी जाने लगी है। यह संभव हुआ है रोडवेज, रेलवे, लघु सचिवालय सहित अन्य सरकारी विभागों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की ओर से बैंकों में जमा की गई तीन से चार करोड़ की नकदी से। आरबीआई की ओर से अब पहले से ज्यादा नकदी दी जा रही है। इसके बावजूद कुछेक बैंक अभी ऐसे हैं, जहां नकदी के लिए कई-कई दिनों तक भटकना पड़ रहा है।
8 नवंबर को नोटबंदी के बाद आरबीआई की ओर से सीमित नकदी ही दी जा रही थी। यह 10 से 12 करोड़ तक मुश्किल से मिलती थी। मांग लगातार 40 से 50 करोड़ के बीच में रही। सोमवार को आरबीआई की ओर से जिले में 16 करोड़ की नकदी पहुंची। रोडवेज, रेलवे, लघु सचिवालय, गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों सहित अन्य जगहों पर पुराने नोट जमा होने की अवधि खत्म होने के बाद वहां से भी नई करेंसी आने लगी है। जिले में करीब 3 से 4 करोड़ रुपये प्रतिदिन इन विभागों व प्रतिष्ठानों की ओर से बैंकों में जमा हो रहे हैं। इससे बैंकर्स को सुविधा मिली है।
कई निजी बैंकों में मिल रही है तय सीमा की पूरी नकदी
एचडीएफसी, एक्सिस सहित कई बैंकों में एक सप्ताह में निर्धारित 24000 रुपये की राशि दी जा रही है। दूसरे बैंकों में भी लोगों की यही मांग है कि उन्हें कम से कम तय सीमा तक तो नकदी दी जाए, ताकि उन्हें बार-बार बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें। अंबाला रोड स्थित ओबीसी बैंक में रुपये लेने आए गांव खुराना वासी रामप्रसाद ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से बैंक में आ रहा है लेकिन उसे कैश नहीं मिल रहा है।
सरकार को करनी चाहिए थी तैयारी
पीएनबी में नकदी के लिए पहुंचे एक निजी कंपनी के एजेंट तजिंद्र भाटिया ने कहा कि सरकार की तैयारी न होने के कारण ही लोगों को अधिक परेशानी आ रही है। उसने बताया कि करीब दस दिन पहले पीएनबी में 12 हजार रुपये का चेक लेकर आया था। बैंक वालों ने कहा कि एक ही बार में इतने रुपये नहीं दे सकते। दो हजार रुपये दे देंगे। दस दिनों से आ रहा है। अब बारह हजार रुपये मिले।
फैसले पर अडिग रहे सरकार
एसबीआई से रुपये लेने रामकुमार ने कहा कि अब केवल पांच दिनों की समस्या रह गई है। लेकिन बैंक आम जनता का सहयोग नहीं कर रहे हैं। दूसरा, सरकार आए दिन नियम बदल रही है। सरकार को अपने एक ही फैसले पर अडिग रहना चाहिए।
जल्द ही और राहत मिलेगी
बैंकों में 8 नवंबर के बाद अब जाकर स्थिति में सुधार हुआ है। सरकारी विभागों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों की नई नकदी अब बैंकों में आने लगी है। पीएनबी मुख्य शाखा में साप्ताहिक 24000 रुपये की सीमा में नकदी दी जा रही है। वहीं आरबीआई की ओर से भी सोमवार को 16 करोड़ की नई करेंसी मिली। उम्मीद है आने वाले दिनों में और राहत मिलेगी।- टीके राणा, लीड बैंक मैनेजर