कैथल। कैथल से करनाल जाने वाले यात्रियों को सड़क पर पड़े गड्ढों से जल्द निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग ने कैथल-करनाल मार्ग के निर्माण का पूरा योजना तैयार कर लिया है।
इस परियोजना में सर छोटू राम चौक से बस्तली झाल तक सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और इसे संभव हो तो एक महीने के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
गौरतलब है कि कैथल-करनाल रोड प्रदेश के मुख्य मार्गों में से एक है। यह सड़क केवल कैथल और करनाल को ही नहीं जोड़ती, बल्कि पंजाब समेत अन्य जिलों की कनेक्टिविटी का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और सैकड़ों गांवों के लोग भी इस रास्ते का उपयोग करते हैं।
वर्तमान में सड़क की स्थिति बहुत खराब है। आधा फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालक गड्ढों से बचने की कोशिश में दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन वरुण कंसल ने बताया कि 45 करोड़ रुपए का टेंडर अलॉट कर दिया गया है। निर्माण कार्य नवंबर में शुरू होने की संभावना है और इसे जल्द पूरा करने का प्रयास रहेगा।