संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में शनिवार को बॉक्सिंग के मुकाबले हुए। फाइनल मुकाबले में लड़कियों की टीम में कैथल ने प्रथम और रोहतक की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर फतेहाबाद की टीम रही। वहीं लड़कों के मुकाबलों में कैथल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया और दूसरे स्थान पर हिसार की टीम रही। तीसरा स्थान भिवानी की टीम ने हासिल किया। प्रतियोगिता में राजौंद के दीपक कुमार ने बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सांसद खेल महोत्सव के तहत प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
इस संबंध में कलायत के लोक निर्माण विश्राम गृह में सांसद नवीन जिंदल के कैथल कार्यालय प्रभारी रवींद्र धीमान ने बैठक की। धीमान ने कहा कि सांसद नवीन जिंदल का लक्ष्य अगले एक वर्ष के भीतर कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सभी गांवों में खेल उपकरण उपलब्ध कराना और ग्राम स्तरीय स्टेडियमों को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करना है। इस अवसर पर आरवीएस एवं प्रबंधक समिति के पूर्व प्रधान साकेत मंगल अधिवक्ता, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, परचेज कमेटी अध्यक्ष नरेश शोरेवाला, कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी प्रधान नवनीत गोयल अधिवक्ता, गौरव मंगल, विकास शर्मा मौजूद रहे।
लड़कों ने जीते 10 पदक
लड़के और लड़कियों की टीमों में शामिल 19 खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि लड़कों की टीम ने तीन स्वर्ण पदक, तीन रजत और चार कांस्य पदक जिले की झोली में डाले। लड़कियों ने चार स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीते।