हरियाणा के कैथल जिले के विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर डीसी प्रशांत पंवार ने किसानों से बातचीत की। डीसी ने गांव जसवंती में पराली प्रबंधन के कार्य का डेमो का निरीक्षण किया। इससे पहले डीसी ने अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर पराली प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि जो पंचायतें रेड जोन से ग्रीन जोन में आएगी, उन्हें एक लाख रुपये तथा जो पंचायतें यैलो जोन से ग्रीन में जाएगी उन्हें 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन निरंतर पराली प्रबंधन की दिशा में कार्य कर रहा है।
डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जो किसान बार-बार पराली में आग लगाने की घटना में संलिप्त पाया जाता है, तो उस किसान पर जुर्माने के साथ-साथ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पराली प्रबंधन करके हम उसे जहां अपनी आय का जरिया बना सकते हैं, वहीं पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकते हैं।
पराली नहीं जलाने वाली पंचायतों को प्रशासन द्वारा प्रोत्साहन राशि के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इतना ही नहीं पराली प्रबधंन की दिशा में टॉप 10 रहने वाले सरपंचों को प्रशासन द्वारा आयोजित दीवाली महोत्सव में भी शामिल किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के माध्यम से किसानों को पहले से ही कृषि यंत्र अनुदान पर दिए गए हैं। इसके साथ-साथ प्रति एकड़ एक हजार रुपये उन किसानों को दिए जा रहे हैं, जो पराली नहीं जलाकर उसका प्रबंधन कर रहे है। अपने फ्लैग मार्च दौरे के दौरान उन्होंने जसवंती, नौच, कवारतन, डोहर, मलिकपुर, सीवन आदि गांवों में किसानों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने आस-पास भी पराली नहीं जलने दें। फ्लैग मार्च दौरे के दौरान एसडीएम कपिल कुमार, डीडीए महावीर सिंह, नायब तहसीलदार आशीष, सुनील कुमार, बीडीपीओ नरेंद्र, जगदीश मलिक, सुखविंद्र सिंह, जगबीर लांबा आदि मौजूद रहे।
पराली प्रबंधन की दिशा में अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों को लिए 26 जनवरी को सजेगा विशेष मंच
डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला की जो पंचायतें अपने-अपने क्षेत्र में जीरो बर्निंग का टारगेट पूरा करते हुए पराली का प्रबंधन करेगी, उन सभी पंचायतों को 26 जनवरी के महोत्सव में प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा, इतना ही नहीं इन पंचायतों के लिए अलग से विशेष मंच भी सजाकर सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा, जिससे दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी।
जिला की 10 ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे सम्मानित
डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला की 10 ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिसार में आयोजित होने वाले हरियाणा कृषि विकास मेले में 10 अक्तूबर को पराली प्रबंधन की दिशा में बेहतरीन कार्य करने पर सम्मानित करेंगे। ये सभी 10 पंचायतें रैड जोन से ग्रीन जोन में शामिल हुई है। इन पंचायतों में गुहला खंड की बाऊपुर व थे-बनेड़ा, कैथल खंड की देवबन, खुराना व नरड़ तथा सीवन खंड की अटेला, मलिकपुर-दो, मेघा माजरा, तारांवाली तथा खानपुर शामिल हैं।