कैथल के गांव सिसला में खेत में बने कोठे में नई अनाज मंडी के निकट खाद, बीज व दवा की दुकान चला रहे एक दुकानदार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपने सुसाइड नोट में सस्ता सोना दिलवाने व क्रिप्टो करंसी में लाभ कमाने के नाम पर 94 लोगों को लाखों रुपये की ठगी का जिम्मेवार बताया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट में लिखे नाम वाले लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हरसौला निवासी मृतक नरेश कुमार के पिता आदिपुरुष ने बताया कि उसका छोटा बेटा नई अनाज मंडी के निकट हरियाणा एग्रीकल्चर सेंटर के नाम से दुकान चलाता है। वह कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसने जब उससे पूछा तो उसने बताया कि उसे कई लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। उससे पैसे लेकर वापस नहीं दिए। जिस कारण वह परेशान है। गुरुवार को नरेश गांव सिसला में अपने खेत में गया था। यहां गेहूं की बिजाई कर रखी है। नरेश घर से दुकान पर गया था और दोपहर करीब 12.30 पर वापस सिसला में गेहूं देखने गया था। इसके बाद वह भी अपने बड़े बेटे के साथ खेत में गया तो वहां बने कोठे में नरेश का शव फंदे पर लटका मिला। उन्होंने नरेश को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। अपनी शिकायत में मृतक के पिता ने कहा कि आरोपी उसके बेटे
को पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देते थे।
मामले की जांच कर रहे तितरम थाना के जांच अधिकारी एसआई धर्मपाल ने बताया कि नरेश द्वारा आत्महत्या मामले में वह मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।