संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला बार एसोसिएशन की ओर से सेशन जज पद से जस्टिस पद पर पदोन्नत हुए सुभाष मैहला के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जस्टिस सुभाष मैहला ने की। शुरुआत में बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा, उपप्रधान हेमराज वधवा, सचिव सचिन सिंघल, सहसचिव अमित रोहिला और कोषाध्यक्ष दिनेश भाटिया ने जस्टिस मैहला सहित अन्य जजों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में जस्टिस सुभाष मैहला ने कहा कि यद्यपि कैथल में उनका कार्यकाल छोटा रहा, लेकिन इस दौरान उन्हें बार एसोसिएशन से अपार स्नेह, सम्मान और अपनापन मिला। उन्होंने कहा कि कैथल की बार के बारे में उन्होंने पहले ही सुना था और यहां आकर उन्होंने पाया कि वास्तव में यह हरियाणा के बेहतरीन बार में से एक है। उन्होंने वकीलों से कहा कि जब भी वे चंडीगढ़ आएं तो उनसे अवश्य मिलें।
बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा ने जस्टिस मैहला को पदोन्नति की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एडवोकेट अरविंद खुरानिया, नफे सिंह बेरवाल, पुनीत शर्मा, असीम शर्मा और विरेंद्र मेहता ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सचिव सचिन सिंघल ने किया।
समारोह में एडीजे डॉ. नंदिता कौशिक, अनुपमिश मोदी, डॉ. अमित गर्ग, मोहित अग्रवाल, एसीजेएसडी वीरेन कादयान, डीएलएसए सचिव सीजेएम कंवल कुमार, सिविल जज संदीप कौर, सीजेएम विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।