सोनू थुआ
कैथल। दयोरा गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी 27 वर्षीय रवि दयोरा ने पंजाब के जिला संगरूर के गांव सिहाल में आयोजित सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट रेडर का खिताब अपने नाम किया और पुरस्कार स्वरूप स्वराज ट्रैक्टर जीता। यह प्रतियोगिता दो दिन पहले आयोजित हुई थी। ट्रैक्टर जीतने की खबर से न केवल गांव दयोरा बल्कि पूरे जिले और प्रदेश में खुशी की लहर है।
सर्कल कबड्डी के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि विदेशी धरती पर भी भारतीय तिरंगे को गौरवान्वित किया है। रवि दयोरा अब तक छह देशों में कबड्डी खेलते हुए बेस्ट रेडर का खिताब जीत चुके हैं। उनकी उपलब्धियों में अब तक छह ट्रैक्टर, 80 बाइक, 11 बुलेट मोटरसाइकिल, एक मुर्रा भैंस, एक घोड़ा और एक जीप शामिल हैं।
रवि का सपना है कि वह कबड्डी किंग बनकर गांव के साथ-साथ देशभर में सर्कल कबड्डी को नई पहचान दिलाएं। रवि ने बताया कि कबड्डी के बिना उनका जीवन अधूरा सा लगता है। सोते-जागते हर पल कबड्डी ही उनके दिल और दिमाग में रहती है। इस खेल में उन्हें परिवार का भी भरपूर सहयोग मिला है।
उन्होंने बताया कि 16 वर्ष की उम्र में उन्होंने पहली बार राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने सर्कल कबड्डी को अपनाया, जो आज देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो चुकी है।
किसान परिवार में हुआ जन्म ः रवि दयोरा का जन्म 26 जनवरी 1999 को गांव दयोरा में किसान रामकुमार के घर हुआ। उन्होंने करीब 14 वर्ष की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया। रवि ने जिला कैथल को हरियाणा में स्कूली स्तर पर चैंपियन बनाया है। लगातार दो वर्षों तक अंडर-19 वर्ग में बेस्ट रेडर के खिताब से नवाजे गए। कोच गुरमित ने बताया कि रवि एक बेहतरीन सर्कल कबड्डी खिलाड़ी है और उन्होंने इस खेल में बड़ा नाम कमाया है। युवाओं को खेलों में अपनी पहचान बनानी चाहिए।
सीनियर खिलाड़ियों को देखकर जगी कबड्डी की ललक
सीनियर खिलाड़ियों को कबड्डी खेलते देखकर रवि के मन में भी इस खेल के प्रति रुचि पैदा हुई। धीरे-धीरे उन्होंने गांव की टीम से खेलना शुरू किया और मेहनत के बल पर बेस्ट रेडर बन गए। रवि गांव में ही अभ्यास करते हैं और अपनी टीम के स्टार खिलाड़ी हैं।
अपनी सफलता का श्रेय रवि ने अपने कोच जयकरण, बालकिशन, ईश्वर ढांडा और अपने पिता रामकुमार को दिया। वर्तमान समय में रवि दयोरा हरियाणा और पंजाब में आयोजित होने वाली सर्कल कबड्डी प्रतियोगिताओं में सबसे चहेते खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वे स्कूली नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं और हरियाणा को नेशनल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। परिवार में रवि सहित चार भाई-बहन हैं, जिनमें छोटा भाई अमन भी कबड्डी खिलाड़ी है। संवाद