ढांड। बाबू अनंतराम जनता कॉलेज, कौल की डीपीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा तनुष्का चौहान ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तनुष्का ने 77 किलोग्राम भार वर्ग के अंतर्गत मोदीनगर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित ऑल इंडिया अस्मिता खेलो इंडिया नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त किया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने बताया कि तनुष्का ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इससे पूर्व 29 दिसंबर 2025 को चंडीगढ़ में आयोजित नॉर्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ था।
विज्ञापन
तनुष्का ने 18 दिसंबर 2025 को कोटा (राजस्थान) में आयोजित वेस्ट जोन जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं 11 नवंबर 2025 को अंबाला कैंट में संपन्न कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान चौधरी तेजवीर सिंह ने तनुष्का चौहान को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने कहा कि तनुष्का की यह सफलता उनकी कठोर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का सशक्त प्रमाण है। उनकी उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।