कैथल। माता गेट स्थित सूर्यकुंड डेरे के शीतला माता मंदिर में वीरवार को आषाढ़ व ज्येष्ठ माह के मेले की शुरुआत हुई। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंचे। यहां पर व्यवस्था बनाने के लिए मंदिर समिति की तरफ से लोहे के बैरिकेड लगाए गए। गौरतलब है कि सूर्यकुंड डेरे में स्थित काली माता, शीतला माता मंदिर और सूरजकुंड मंदिर की काफी मान्यता है। यहां पर चैत्र नवरात्र के पहले दिन विश्व स्तरीय मेला भी आयोजित किया जाता है। वीरवार को आयोजित हुए मेले में लोगों ने माता के मंदिर में माल-पुड़ों का प्रसाद चढ़ा पूजा-अर्चना की।
डेरे के महंत रमनपुरी महाराज ने बताया कि डेरे के शीतला माता मंदिर में ज्येष्ठ व आषाढ़ महीने के प्रत्येक वीरवार को मंदिर में मेला लगता है। मौसम में आए बदलाव के चलते ज्येष्ठ महीने के पहले वीरवार में लगे मेले में कम श्रद्धालु मेले में पहुंचे। अभी सात वीरवार में फिर से मेले आयोजित होंगे। महंत ने बताया कि अगले सप्ताह मेले में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।