कैथल। दो घरों से चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। संबंधित थानों की पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कोथकलां जिला हिसार निवासी विशाल ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि वह इस समय कैथल की जनकपुरी कॉलोनी में किराए पर रह रहा है। वह 17 जुलाई को परिवार के साथ ससुराल सांघन गांव गया था। घर पर वापस आए तो ताला टूटा मिला। चोर घर से नकदी व सोना-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। उसे करीब चार लाख 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।
दूसरे मामले में गांव साकरा निवासी अमरदीप ने ढांड थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई की रात को चोर उसके घर में घुसकर सोना-चांदी के गहने और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। उसे एक लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
तीन काबू, चोरी की 11 बाइक बरामद
पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को काबू कर चोरी की 11 बाइक बरामद की हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आदर्श नगर कैथल के रहने वाले गुलशन कुमार की थाना सिविल लाइन में दी गई शिकायत अनुसार 26 जून को जाट ग्राउंड से उसकी बाइक चोरी हो गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग और दो बालिग आरोपियों को पकड़ा। बालिग आरोपियों की पहचान विशाल शेरुखेडी, नितिश उर्फ बच्ची निवासी कुरलैन गांव जिला करनाल के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने दो बाइक जिला करनाल से और नौ बाइक थाना सिविल लाइन कैथल क्षेत्र से चोरी की थी। आरोपियों से बाइक बरामद कर पूछताछ की जा रही है। संवाद
चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने खुशहाल माजरा स्थित राइस मिल में चोरी करने के आरोपी चीका निवासी हर्षप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंबा कॉलोनी चीका निवासी मजबूल अख्तर की शिकायत अनुसार वह पिछले कई वर्ष से राइस मिल में काम कर रहा है।
आरोपी 21 जून को उससे कमरे ,दो सिलिंडर, मोबाइल व नकदी चोरी करके ले गया था। आरोपी हर्षप्रीत के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
चोरी की बाइक समेत आरोपी दबोचा
कैथल। बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान अरणो जिला पटियाला पंजाब निवासी दीप कुमार के तौर पर हुई है।
आरोपी ने अर्जुन नगर कैथल निवासी कमल शर्मा की बाइक 14 जुलाई चोरी की थी। आरोपी दीप ने पूछताछ इसके अलावा दो बाइक अन्य चोरी की वारदात कबूल की है। आरोपी से चोरी की तीन बाइक और बरामद की गई। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।