संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के देवीगढ़ रोड पर एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने आभूषण व नकदी चूरा ली। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइन में दी गई शिकायत में देवीगढ़ रोड निवासी विशाल चौहान ने बताया कि व नौ फरवरी को अपने परिवार सहित मकान पर ताला लगाकर शाम करीब पांच बजे अपनी रिश्तेदारी में करनाल गया था। शनिवार करीब 11 बजे एक पड़ोसी ने उसे फोन पर जानकारी दी कि आपके घर के दरवाजे खुले हैं व सामान बिखरा हुआ है।
वह घर पर आया तो देखा कि अलमारी से सामान बिखरा था। जब सामान की जांच की तो उसमें 10 तोले सोना गायब था। इसमें चार लेडिज अंगूठी, तीन जेंट्स अंगूठी, तीन जोड़े कान के टोप्स, एक गले की चेन, एक सेट सोने का और इसी प्रकार से चांदी के चार सिक्के, दो कटे हुए चांदी के सिक्के, चांदी के पंजेब के दो जोड़े, दो चांदी क अंगूठी व 70 हजार रुपये शामिल है। सामान की कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल से चार लाख की नकदी चोरी
उधर, ढांड में एक निजी स्कूल से चार लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। ढांड थाने में दी गई शिकायत में बंदराणा निवासी राकेश भारद्वाज ने बताया कि गांव में सरस्वती स्कूल के नाम स्कूल है। नौ फरवरी को वह और उसकी पत्नी उर्मिला देवी अपने बैंक खाते से चार लाख रुपये की नकद राशि निकलवा कर लाए थे। इसके बाद उसने यह राशि स्कूल के कार्यालय में रखी अलमारी में रख दिए थे।
अलमारी को व कार्यालय को ताला लगाकर कैथल में स्कूल के काम से चले गए थे। इसके बाद वे शाम करीब आठ बजे वापस आया। इस दौरान परिसर में उसने अपनी गाड़ी खड़ी की। उस समय स्कूल में सब कुछ सही सलामत था और वह अपने घर चला गया था। जब वह शनिवार सुबह के स्कूल में पहुंचा तो उसे कार्यालय के गेट का निचले हिस्से का फ्रेम निकला मिला।
अलमारी की जांच की चार लाख रुपये नहीं मिले। कार्यालय में रखा लैपटॉप व कुछ दस्तावेज संबंधित थे, वह भी नहीं मिले। ढांड थाना के जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।