जाट समाज का धरना 15वें दिन भी जारी रहा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जाटों समेत 6 जातियों को आरक्षण की मांग को लेकर देवबन कैंची चौक पर चल रहा जाट समाज का धरना 15वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता फीमो देवी देवबन ने की।
धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रधान प्रवीन किच्छाना व संयोजक बलवान सिंह कोटड़ा ने कहा कि धरनास्थल पर 19 फरवरी को बलिदान दिवस मनाया जाएगा। जिसमें जिले से भारी संख्या में लोग भाग लेंगे। गत 19 फरवरी 2016 को रोहतक, सोनीपत, झज्जर व हांसी सहित कलायत में आंदोलन के दौरान 31 लोग पुलिस की गोलियों के शिकार हो गए थे। जिन्हें 19 फरवरी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संजय जागलान ने कहा कि पानीपत में हुई बैठक में कैथल के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी सात मांगों का मांग पत्र सरकार को सौंपा है।
साथ ही बताया गया है कि जाटों को बदनाम करने के बारे में यदि भाजपा सरकार ने दोबारा साजिश रची तो उसके भयंकर परिणाम होंगे। कोर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि पानीपत की बातचीत को देखते हुए फिलहाल 12 फरवरी से दिये जाने वाले 4 जगहों पर धरनों के फैसले को स्थगित कर दिया गया है। 19 फरवरी तक एक ही जगह धरना दिया जाएगा। धरने पर जींद धरने पर मौत का शिकार हुए कर्ण सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उसे शहीद का दर्जा व उसके परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग की गई। धरने को जोगीराम मलिक, मास्टर अजमेर हरसोला, सोनू बांगड़, रामस्वरूप, बिल्लू चंदाना, कुलदीप घड़ी, शीशपाल व ललिता बालू जोगिंदर कसान व अन्य ने संबोधित किया।