जाट हाईस्कूल सोसाइटी के नवनिर्वाचित प्रधान रणबीर सिंह फौजी ने पैनल सदस्यों के साथ सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। रविवार को हुए मतदान में पांच वोट से जीत हासिल करने के बाद सोमवार दोपहर प्रधान कार्यालय में पहुंचे। यहां चुनाव प्रभारी एसडीएम आरके सिंह और रामकिशन ढांडा ने उन्हें कार्यभार सौंपा।
पत्रकारों से बातचीत में फौजी ने कहा कि संस्था की तीन गांवों में स्थित 75 एकड़ जमीन से अवैध कब्जे हटवाए जाएंगे। संस्था की गांव गुहणा, बुढाखेड़ा, ग्योंग व पट्टी अफगान में 25-25 एकड़ जमीन है, जिसमें से केवल गुहणा की जमीन से ही संस्था को आय हो रही है।
शेष तीनों गांवों के संबंध में हाईकोर्ट से संस्था के हित में आदेश हो चुके हैं। शीघ्र ही कोर्ट में इन आदेशों की पालना के लिए याचिका दायर कर इन्हें संस्था के कब्जे में लिया जाएगा। साथ ही संस्था में अनुशासन एवं शिक्षा में गुणवत्ता उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
यहां लॉ कॉलेज शुरू करने समेत आईटीआई की शुरुआत की जाएगी। बुजुर्गों की विरासत को सहेजना और इसे निरंतर तरक्की के मार्ग पर अग्रसर बनाए रखना इस नई कार्यकारिणी का पहला दायित्व होगा।
दाखिले मेरिट के आधार होंगे ताकि शिक्षा में मेधावी बच्चे संस्थान के स्कूल व कॉलेजों में तालीम लेने के लिए आएं। इस मौके पर पूर्व प्रधान बलवान कोटड़ा तथा नवनिर्वाचित उपप्रधान संदीप छौत, सचिव कुलदीप गढ़ी, कोषाध्यक्ष रामपाल गुहणा सहित कार्यकारिणी के 10 जिनमें बलबीर ढुल, बलिंद्र कुमार, धर्मपाल नैन, जसवंत सिंह, कपूर सिंह, राधाकृष्ण, राजेंद्र, रामचंद्र व रणबीर सिंह, सत्यनारायण सहित बसाऊ राम मौजूद रहे।
कार्यकारिणी को सौंपे प्रमाणपत्र
जाट हाईस्कूल सोसाइटी चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम आरके सिंह और रामकिशन ढांडा ने नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, सचिव व कोषाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी सदस्यों को निर्वाचित प्रमाणपत्र सौंपा। निर्वाचित टीम की सूची स्टेट रजिस्ट्रार हरियाणा, उपायुक्त व जिला रजिस्ट्रार को भिजवाते हुए उसकी प्रति नई कार्यकारिणी को सौंपी।