आरक्षण व अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति द्वारा गांव देवबन कैंची चौक पर दिया गया धरना 28वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता राज कुमार लैलर छौत ने की। धरने को संबोधित करते हुए समिति के जिला प्रधान प्रवीन किच्छाना व संयोजक बलवान सिंह कोटड़ा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की समाज विरोधी, जनविरोधी, जातिवाद व सांप्रदायिक नीतियों का काले दिवस पर पर्दाफाश करेंगे।
बलवान कोटड़ा ने जसिया में शुक्रवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक के निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को काले दिवस पर 36 बिरादरी के लोग काली पट्टियां बांधकर प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए दस हजार मीटर काला कपड़ा खरीद लिया गया है। साथ ही दो हजार मीटर रिबन के लिए कपड़ा लिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिकारियों की नीतियों के साथ संघर्ष समिति कोई बातचीत नहीं करेगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य संजय जागलान व प्रेस प्रवक्ता भरत सिंह बैनीवाल ने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा आंदोलनकारियों की मांगों पर तीन-तीन बार समझौता करके मुकर जाने व वादा खिलाफी करने के खिलाफ समाज भाजपा सरकार को ऐसा रगड़ा लगाएगा कि भविष्य में भाजपा प्रदेश में कभी सत्ता का मुंह नहीं देख पाएगी। नेताद्वय ने बताया कि काले दिवस पर उमड़ने वाली भीड़ से खट्टर सरकार को हिला कर रख देंगे।
फिर भी सरकार नहीं मानी तो एक मार्च से असहयोग आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। धरने पर रामपाल के समर्थकों ने हजारों की संख्या में पहुंचकर अपना समर्थन दिया। जो रविवार को भी भारी संख्या में पहुंचेंगे। धरने को संबोधित करते हुए रामकेश कंडेला ने कहा कि जाटों की आरक्षण की लड़ाई मे हम उनके साथ हैं। इस अवसर पर मिया सिंह जाजनपूर, जोगीराम मलिक, शिशराम बालू, रत्न चंदाना, प्रेम सिंह मलिक, सोनू, रणधीर चहल कोटड़ा, जवाहर मल जाजनपूर, हरिपाल, मां. सुंदर लाल, जोगेंद्र कसान, महाबीर नरड़, राजा किच्छाना, करण सिंह जाखौली, राजा कसान, पंजाब सिंह देवबन, बनी सिंह पहलवान, सुभाष मटोर, मा. अजमेर सिंह हरसौला, महेंद्र मलिक जाखौली, रणधीर सिंह किच्छाना व सतपाल सारन ने धरने को संबोधित किया।
प्रशासन ने की तैयारियां, कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के 26 फरवरी को प्रस्तावित काला दिवस के आह्वान के दृष्टिगत जिला में हर हालत में कानून व शांति व्यवस्था को कायम रखा जाएगा। शनिवार को गृह सचिव रामनिवास ने प्रदेश के सभी डीसी व एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से बातचीत की। सभी अधिकारी 26 फरवरी के प्रस्तावित काला दिवस के दौरान कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं।
डीसी संजय जून ने बैठक कर निर्देश दिए कि जिले में धारा 144 के तहत किसी भी प्रकार के हथियार, जेली, लाठी लेकर चलने पर पूर्ण रूप से पाबंदी है। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए जाएंगे। जिले में 22 संवेदनशील स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा 25 राइडर, 10 पीसीआर, पेट्रोलिंग पार्टी तैनात की गई। छह स्थानों पर रिजर्व पुलिस बल को तैनात किया गया। 30 ड्यूटी मजिस्ट्रेट संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे तथा 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और 5 एम्बुलेंस विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए 01746-222283 को कंट्रोल रूम का नंबर बनाया गया है। 26 फरवरी को जिला के सभी कार्यालय खुले रहेंगे।