कैथल। जिले में जिला परिषद के 21 वार्डों व ब्लॉक समिति के 523 वार्डाें के लिए आज मतदान होगा। जिसमें छह लाख 20 हजार 451 मतदाता 692 बूथों पर मतदान कर सकेंगे। प्रशासन ने इस चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लीं। उधर, शनिवार को आरकेएसडी कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनें वितरित की गईं। जिला परिषद के 21 सदस्यों के लिए 130 तो पंचायत समिति के 148 वार्डों के लिए 523 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन्होंने घर-घर प्रचार कर अपने पक्ष में मतदान के लिए हर संभव जोर लगाया हुआ है।
ये दस्तावेज दिखाकर किया जा सकता है मतदान
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में वोटर कार्ड के अलावा अन्य दस्तावेज दिखाकर भी मतदान किया जा सकता है। मतदान करने के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, केंद्र व राज्य, कंपनी द्वारा जारी सर्विस पहचान पत्र, पासबुक, फ्रीडम फाईटर फोटो सहित पहचान पत्र, एससी/एसटी/ओबीसी फोटो सहित पहचान पत्र, आम्र्स लाइसेंस, नेशनल, मनरेगा का फोटो सहित जॉब कार्ड, प्रोपर्टी दस्तावेज, पेंशन दस्तावेज, हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम स्मार्ट कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट दिखाया जा सकता है।
प्रशासन का सभी तैयारियां पूरी करने का दावा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल ने कहा कि 30 अक्तूबर को पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण में जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति के सदस्यों के चुनाव होने हैं, जिसकी सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। सभी पार्टियों को चुनावी सामग्री देकर सुरक्षा व्यापक इंतजाम के बीच बूथों के लिए रवाना कर दिया है। सभी मतदान केंद्रों पर बिजली सप्लाई, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह से दुरुस्त हैं। मतदान का समय सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक रहेगा। डीसी ने जिला के सभी मतदाताओं से निष्पक्षतापूर्ण अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील भी की है।
इसी प्रकार से गुहला-चीका के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रोहित कुमार ने कहा कि जिला परिषद तथा ब्लॉक समिति के सदस्यों के चुनाव को शांति पूर्वक व निष्पक्षता से संपन्न करवाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को रिहर्सलों के माध्यम से प्रशिक्षित किया है। गुहला के 104 बूथों के लिए 120 पार्टियां नियुक्त की गई है।