संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव पबनावा, टीक और कैथल शहर में पुलिस ने नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि नशा आज समाज के लिए गंभीर अभिशाप बन चुका है, जिसने हजारों परिवारों को तोड़ा है और लाखों युवाओं को बर्बादी की कगार पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश की नींव हैं, लेकिन नशे की लत राष्ट्र के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन रही है।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि समाज को हर हाल में नशे से दूरी बनानी होगी और युवाओं को पढ़ाई व खेलों में उत्कृष्टता हासिल कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना चाहिए। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि नशा मुक्त हरियाणा मुहिम केवल पुलिस के प्रयासों से सफल नहीं हो सकती, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
लोगों से अपील की गई कि वे नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या उपयोग की जानकारी बिना डर के पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके साथ ही लोगों को बताया गया कि नशा पीड़ित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पुलिस के साथ-साथ हर नागरिक का दायित्व है। नशा संबंधित शिकायतें मानस पोर्टल 1933, आपातकालीन नंबर 112 या नारकोटिक्स सेल कैथल में दर्ज करवाई जा सकती हैं, जहां शिकायतकर्ता की गोपनीयता सुनिश्चित है। अभियान डीएसपी कुलदीप बेनीवाल के निर्देशन में संचालित हुआ, जिसमें एसआई कर्मबीर, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, सोनिया, एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर शामिल रहे।