संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। चीका के वार्ड नंबर 16 इंडस्ट्रियल एरिया के मुख्य रोड की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसके ऊपर से राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया है। यह सड़क जगह-जगह से टूट गई है और उसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। इन गड्डो में हर समय पानी जाम रहता है जिसके चलते पैदल चलने वाले लोगों को यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।
वार्ड वासी गुरमेल सिंह, दिलबाग सिंह, लखविंदर सिंह, अशोक कुमार व डॉ. सुभाष पुनिया ने बताया कि पटियाला रोड से लेकर गुहला रोड तक जाने वाली वार्ड की इस मुख्य सड़क का निर्माण लगभग 20 साल पहले करवाया गया था। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर हर समय भारी भरकम ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है। ओवरलोड ट्रकों की वजह से सड़क कई जगहों से टूट व धंस गई है। इन लोगों ने बताया कि ट्रकों ने सडक के साथ साथ पेयजल की पाइपों व सीवरेज को भी नुकसान पहुंचाया है जिसके चलते सीवरेज का गंदा पानी पेयजल पाइपों के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
नाराज लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि यहां से ट्रकों को हटाकर सड़क का निर्माण करवाया जाए ताकि लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।