पिस्तौल के बल पर नकदी लूटने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की है। पुलिस पीआरओ प्रदीप ने बताया कि आरोपी चीका निवासी गुरजेंट उर्फ बांडू को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई है।
विदित हो कि प्रोफेसर कॉलोनी चीका निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आठ मई की शाम को गुरजेंट व उसका साथी कार में बैठे उसके लड़के चिराग से पिस्तौल के बल पर 12 हजार रुपये लूटकर ले गए थे। इस बारे में थाना चीका में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी गुरजेंट पहले से किसी अन्य मामले में जिला जेल में बंद था। ऐसे में उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार चल रहा है।