कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि आगामी 21 जून को जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन विस्तार अनाज मंडी में किया जाएगा और 20 जून को पायलट रिहर्सल की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ गंभीरता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उपायुक्त लघु सचिवालय स्थित वीडियो काॅन्फ्रेंस रूम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग करने से तनाव कम होता है, शरीर स्वस्थ रहता है। इसी उद्देश्य से इस बार भारत सरकार की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग पर आधारित योग कार्यक्रम जिला, उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, कैथल एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश और डीआईपीआरओ नसीब सैनी मौजूद रहे।
महिलाओं की भागीदारी का विशेष ध्यान
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग को इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए। इस आयोजन में आयुष, पुलिस, हरियाणा रोडवेज, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, जन स्वास्थ्य, बिजली सहित सभी अन्य विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएं। इसमें विद्यार्थियों, ग्राम पंचायतों सहित पंच, सरपंच, जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य और शहरी क्षेत्रों के पार्षदों की इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। योग दिवस के लिए 11 से 13 जून तक जिला व ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 15 जून को योग मैराथन आयोजित की जाएगी।