संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के छह सरकारी स्कूलों में इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड कोचिंग की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जिले के 2048 विद्यार्थियों में से 266 होनहार छात्र चयनित हुए हैं, जिन्हें ब्लॉक स्तर पर विशेष कोचिंग दी जाएगी। कक्षाएं 1 सितंबर से शुरू होंगी।
एडीसी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा अवसर देगी। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी ने कहा कि गणित में दक्षता प्राप्त करने वाला विद्यार्थी किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल कर सकता है। यह कोचिंग देश-विदेश की यूनिवर्सिटीज़ में उच्च शिक्षा का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ छत्रपाल ने बताया कि जिले के 54 गणित अध्यापक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। हर 15 दिन बाद प्री कॉलेज मैथमेटिक्स पुस्तक पढ़ाई जाएगी।
पुरस्कार योजना
राज्य स्तरीय ओलंपियाड में टॉप 100 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रथम स्थान: 1 लाख रुपये
द्वितीय: 51 हजार रुपये
तृतीय: 21 हजार रुपये
शेष 97 विद्यार्थी: 10 हजार रुपये प्रति छात्र
इंटरनेशनल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को विश्व की विभिन्न यूनिवर्सिटीज़ में बिना प्रवेश परीक्षा स्पेशल कोटा के तहत दाखिला मिलेगा।
इन स्कूलों में होंगी कक्षाएं
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल पूंडरी
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा कैथल
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल कलायत
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजौंद
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सीवन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुहला