गुहला क्षेत्र में गश्त करती पुलिस टीम। प्रवक्ता
कैथल। बुधवार को थाना सीवन और चौकी रामथली की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों व ठिकानों की गहन जांच की गई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सीवन एसएचओ एसआई जयभगवान सिंह की अगुवाई में गांव क्कहेड़ी में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में गांव खरका में संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के घरों और संभावित ठिकानों पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों की ओर से गहन तलाशी लेते हुए यह जांच की गई कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य कैथल को नशा मुक्त बनाना तथा अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करी जैसे समाज विरोधी अपराधों में शामिल व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस की ओर से सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग अभियान और निगरानी की जा रही है।