कैथल। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा की ओर से युवाओं से जुड़ी गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से जिला युवा समन्वयक अधिकारी सतीश मच्छाल ने राजकीय आईटीआई में खंड युवा समन्वयक अधिकारियों एवं जूनियर खंड युवा समन्वयक अधिकारियों की बैठक ली। इसमें यूथ क्लब पंजीकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
सतीश मच्छाल ने बताया कि विभाग की नीति के तहत प्रत्येक गांव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 11 से 20 युवाओं का युवक मंडल अथवा युवती मंडल गठित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन यूथ क्लबों के माध्यम से वर्षभर महापुरुषों के जन्मदिवस, शहीदी दिवस, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए उन्हें खेलकूद और सामाजिक कार्यों की ओर प्रेरित करना है। विभाग की ओर से पंजीकृत यूथ क्लबों को प्रतिमाह वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। हालांकि, इस सहायता का लाभ लेने के लिए क्लबों का पंजीकरण अनिवार्य होगा।
सतीश मच्छाल ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कलायत पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं।