संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने पुस्तकालय भवन की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पुस्तकालय प्रशासन को दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने सबसे पहले लड़कों के पठन कक्ष का दौरा किया और वहां मौजूद विद्यार्थियों से पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, बैठने की सुविधा और अध्ययन वातावरण को लेकर संवाद किया। इसके बाद उन्होंने ई-लाइब्रेरी कक्ष का निरीक्षण कर इंटरनेट व डिजिटल संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की।
उपायुक्त ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का भी अवलोकन किया, जो व्यवस्थित ढंग से रखी हुई पाई गईं। इसके उपरांत उन्होंने शौचालयों और स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और सामग्री को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी अपराजिता ने पहली मंजिल पर स्थित छात्राओं के पठन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने तीन अलग-अलग कक्षों में अध्ययन कर रही छात्राओं से बातचीत की।
छात्राओं ने पढ़ाई के लिए टेबल केबिन की आवश्यकता बताई, जिस पर डीसी ने अधिकारियों को उपलब्ध फंड से केबिन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक खाली कमरे को छात्राओं के लिए ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा अखबार पठन कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
भवन संबंधी निरीक्षण के दौरान डीसी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने द्वितीय तल पर अतिरिक्त कक्ष निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उसका एस्टीमेट बनाते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीसी ने स्पष्ट किया कि भवन में जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मरम्मत व निर्माण से संबंधित योजना पुस्तकालय भवन निर्माण के विशेषज्ञों से तैयार कराई जाए।
इस अवसर पर जूनियर लाइब्रेरियन अंकुर, संतोष कुमारी, रीना शर्मा, नितीश शर्मा, मनीषा, अजय, करण, रोहित सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।