राजौंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजौंद में बुधवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर रजिस्ट्रार, नगर पार्षद, आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति शर्मा ने निर्देश दिए कि एएनएम और आशा कार्यकर्ता प्रत्येक सप्ताह अपने-अपने गांवों में आंगनबाड़ी वर्करों के साथ बैठक करें। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ परिवार नियोजन, दस्त नियंत्रण पखवाड़ा और स्वास्थ्य संबंधी अन्य विषयों पर भी जानकारी दी जाए। डॉ. शर्मा ने बताया कि 23 से 28 जून तक विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें सभी संबंधित कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. संदीप सिंह, खंड शिक्षक सुदेश, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। संवाद