कैथल। सुप्रीम कोर्ट ने करीब दो माह पहले लावारिस कुत्तों को हटाने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन जिला प्रशासन इन आदेशों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। बैठकें हो रही हैं पर समय बीतने के बावजूद अभियान कागजों तक ही सीमित है, जबकि हकीकत यह है कि सड़कों, बाजारों, कॉलोनियों, अस्पतालों और रेलवे स्टेशन पर कुत्ते खुलेआम घूम रहे हैं, भौंक रहे हैं और लोगों को काट रहे हैं।
आरोप है कि निवर्तमान और मौजूदा उपायुक्त लगातार बैठकों का दौर चलाकर औपचारिकता निभा रहे हैं। बैठकों में अधिकारियों को सख्त निर्देश जरूर दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी करने का अभियान शुरू नहीं हो पाया है। हैरानी की बात यह है कि करीब 35 लाख रुपये का टेंडर डेढ़ माह से अधिक समय पहले जारी हो चुका है, इसके बावजूद न तो एजेंसी से काम लिया जा रहा है और न ही कुत्तों की धरपकड़ शुरू हो सकी है।
नगर परिषद के सर्वे के अनुसार शहर में करीब 4500 लावारिस कुत्ते बताए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है। टेंडर प्राप्त एजेंसी को कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी करनी है, ताकि उनकी संख्या पर नियंत्रण हो सके। इसके अलावा दो अन्य इंजेक्शन भी लगाए जाने हैं, जिससे काटने की स्थिति में गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो सके।
डीसी के निर्देश हवा में उड़ रहे ः उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सभी विभाग तय समय पर अपनी रिपोर्ट दें और स्कूलों, अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, खेल स्टेडियम, हाईवे समेत सभी सार्वजनिक स्थलों से बेसहारा कुत्तों को हटाया जाए। इन कुत्तों को शेल्टर होम में रखने के निर्देश भी दिए गए थे। साथ ही नगर परिषद और नगर पालिकाओं को शेल्टर हाउस में सीसीटीवी समेत आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया था।
हालांकि हकीकत यह है कि बैठक खत्म होते ही ये निर्देश हवा में उड़ जाते हैं और धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई है। न तो शेल्टर होम तैयार हैं और न ही लैब की व्यवस्था की जा सकी है। संवाद
लावारिस कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी को लेकर नगर परिषद व नगर पालिकाओं द्वारा पूरी योजना तैयार कर ली गई है। एजेंसी को टेंडर दिया जा चुका है और जल्द ही अभियान शुरू किया जाएगा। -कपिल शर्मा,
डीएमसी नगर परिषद
लोगों ने बताई परेशानी
n
बालाजी कॉलोनी निवासी राम सिंह ने बताया कि वह गली में टहलते हुए घर लौट रहे थे, तभी कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। एक कुत्ते ने उनकी टांग पर काट लिया।
n
पुराना शहर के महेंद्र शर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की भरमार है। हालत यह है कि बच्चे गली में खेलने से डरते हैं और कुत्तों को पत्थर मारकर भगाना पड़ता है।
इस वर्ष कुत्ते काटने के मामले
माह
मामले
जनवरी
313
फरवरी
268
मार्च
326
अप्रैल
214
मई
199
जून
180
जुलाई
200
अगस्त
201
सितंबर
180
अक्तूबर 205
नवंबर
201
दिसंबर (अब तक)
207