संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। डीएवी कॉलेज पूंडरी में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पांचवें दिन छात्रों को स्टार्टअप और स्वदेशी विषय पर विशेष व्याख्यान दिए गए। इसमें युवा विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय से प्रोफेसर विनेश वालिया ने पौधा लगाकर किया और छात्रों को स्टार्टअप भारत अभियान की जानकारी दी। प्रो. वालिया ने बताया कि स्टार्टअप कार्यक्रम लागू हुए अब 10 वर्ष हो चुके हैं। शुरू में 500 लोग लाभ ले रहे थे, लेकिन अब दायरा बढ़कर 2 लाख से अधिक हो गया है।
छात्रों को एनएसएस के उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें समाज सेवा तथा राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में दूसरे सत्र में पत्रकार नरेंद्र राणा ने छात्रों को स्वदेशी भारत पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया कार्यक्रम को अपनाकर छात्रों और नागरिकों द्वारा स्वदेशी उत्पादों का उपयोग देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का अर्थ केवल देश में बनी वस्तुओं का उपयोग नहीं, बल्कि यह हमारे आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विश्वजीत सिंह ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। साथ ही फिजिकल एजुकेशन अध्यापक परमिंदर कुमार ने छात्रों के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया।