सीवन। राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीवन में स्टंबल लैब के संचालन और गतिविधियों का निरीक्षण करने के लिए सीएमजीए दिव्यता ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लैब की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया और विद्यार्थियों की गतिविधियों को करीब से देखा।
निरीक्षण के दौरान सीएमजीए दिव्यता ने प्राथमिक, मिडिल और सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं का भी अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों में स्टंबल लैब के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अपने अनुभवों के आधार पर समस्याओं का समाधान स्वयं खोजने का प्रयास किया, जिसकी उन्होंने सराहना की।
सीएमजीए दिव्यता ने विद्यार्थियों के साथ गणित विषय से जुड़ी विभिन्न प्रयोगात्मक गतिविधियां भी करवाईं। इन गतिविधियों में छात्रों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। निरीक्षण के बाद दिव्यता ने स्टंबल लैब के सफल संचालन और नवाचारपूर्ण प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करती है, जो उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।