संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल, सीवन। हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य तेजिंद्र सिंह तेजी ने वीरवार को कैथल एसडीएम ब्रह्म प्रकाश के साथ मिलकर सीवन क्षेत्र के ओवरफ्लो तालाबों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ इन तालाबों पर जल निकासी के काम को शुरू करवाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर तेजिंद्र सिंह तेजी ने बताया कि सरकार की ओर से तालाबों के सुधारीकरण के लिए ही हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण का गठन किया है ताकि तालाबों से संबंधित समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। इसके अंतर्गत प्रदेश में करीब साढे 19 हजार तालाब पंजीकरण हैं, जिनको अलग से एक यूनिक आईडी नंबर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई तालाब ओवरफ्लो होता है तो प्रशासन मुस्तैदी से पानी की निकासी का प्रबंधन करें।
उन्होंने बताया कि सीवन क्षेत्र के स्थानीय निवासियों द्वारा प्राधिकरण को तालाब ओवरफ्लो होने की शिकायत की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए मौके का मुआयना किया।
एसडीएम ब्रह्म प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था की जाए जिससे पम्प आदि के माध्यम से यह गंदा पानी सीवरेज में डाला जा सके। इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि यहां के वासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्राधिकरण सदस्य की ओर से तालाबों के अवलोकन उपरांत समस्या निवारण हेतू डीसी प्रशांत पंवार से भी चर्चा की। इस अवसर पर साथ स्टेट टास्क फोर्स स्वच्छ भारत मिशन के सदस्य सुभाष त्रेहन, हरियाणा हज कमेटी के मीडिया कॉ-आडिनेटर खुर्शीद आलम, नगरपालिका सचिव दीपक कुमार, एमई प्रितपाल सिंह, जेई खुशी राम, जेई जन स्वास्थ्य विभाग नरसी रंगा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।