कैथल। डीसी प्रशांत पंवार ने मंगलवार को कमेटी चौक स्थित बाल उपवन आश्रम बाल संरक्षण केंद्र व बाल उपवन आश्रम विशेष दत्तक एजेंसी केंद्र का दौरा किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बच्चों से बातचीत करके आश्रम में दी जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने आश्रम की सिक्योरिटी, भोजन, कंप्यूटर शिक्षा, काउंसलिंग आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसी ने कहा कि बच्चों की समय-समय पर काउंसलिंग की जाए और बच्चों को दी जानी वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। नियमित रूप से दिए जाने वाले भोजन के अलावा पौष्टिक आहार से भरपूर खाना भी दिया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत समय-समय पर बच्चों का रूटीन चेकअप किया जाए।
सनातन धर्म संस्था के प्रधान रवि भूषण गर्ग ने बताया कि संस्था द्वारा बाल उपवन, दत्तक ग्रहण एजेंसी, बाल संरक्षण केंद्र के साथ-साथ इस परिसर में वृद्ध आश्रम भी चलाया जा रहा है। समय-समय पर बच्चों के साथ त्योहारों को मनाया जाता है, ताकि इन्हें किसी भी प्रकार की कमी महसूस नहीं हो। वर्तमान में बाल उपवन दत्तक ग्रहण केंद्र में छह बच्चे हैं, जिनकी पूरी देखभाल की जा रही है। बाल संरक्षण केंद्र में चार बच्चे हैं।
इस मौके पर सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन राणा बंसल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रदीप कुमार, सीएमओ डॉ. रेणू चावला, डीसीडब्ल्यूओ बलबीर चौहान, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल, डॉ. बीरबल, कोमल मौजूद रहे।
डीसी ने बच्चों से अकेले में बातचीत ः डीसी ने बच्चों से दोस्तानां लिहाज में पूछा कि खाने में क्या-क्या मिलता है। अगर यहां खाना बनाने वाले सही नहीं बनाते तो उन्हें बदल दें, तो बच्चों ने हंसते हुए कहा कि हमारी आंटी अच्छा खाना बनाती है। बच्चे बोले- कोई परेशानी नहीं है। संवाद