संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। क्षेत्र की जर्जर सड़कों और नेशनल हाईवे पर अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को इनेलो के जिला संयोजक मोनी बालू की अध्यक्षता में तमाम कार्यकर्ताओं ने उपमंडल कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कलायत से कसान वाया रामगढ़, चौशाला और बालू मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। इस मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और कई हिस्सों में सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। इसके अलावा उपमंडल के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी अत्यंत खस्ताहाल हैं। स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है।
नाराज कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार की अनदेखी के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खराब सड़कों के चलते न केवल आमजन का आवागमन प्रभावित है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियां और ग्रामीणों का दैनिक जीवन भी अस्त-व्यस्त है।
प्रदर्शन के बाद इनेलो नेताओं ने एसडीएम अजय हुड्डा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 मार्च तक सड़क पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो उपमंडल कार्यालय में अनिश्चितकालीन पक्का मोर्चा शुरू किया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जमीनी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। सन्नी चौशाला ने इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रामपाल माजरा द्वारा बुजुर्गों की पेंशन बहाली के मुद्दे को मजबूती से उठाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनेलो हमेशा गरीबों, किसानों और बुजुर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में मोनी बालू, राजबीर ढुल बडसिकरी, करतार बालू, सन्नी चौशाला, सतपाल सिंह, कृष्ण नम्बरदार बालू, दर्शन चौशाला, करतार वाल्मीकि बालू, शमशेर चौशाला, अमरदीप रापड़ि आदि मौजूद रहे। उधर, एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि ज्ञापन को नियमानुसार उच्च अधिकारियों को भेज दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार की नीति के अनुसार सड़क से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हादसों का केंद्र बना नेशनल हाईवे क्रॉसिंग
इनेलो के जिला प्रवक्ता सन्नी चौशाला और किसान सेल के हलका प्रधान राजबीर ढुल बडसिकरी ने कहा कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढों के कारण किसानों को अपनी फसलें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से मंडी तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन खराब हो जाते हैं या पलटने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने विशेष रूप से कलायत-रामगढ़ मार्ग पर नेशनल हाईवे क्रॉसिंग का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि इस स्थान पर पुल और सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने के कारण यह जगह ब्लैक स्पॉट बन चुकी है। ऐसे में पुल निर्माण और सड़क सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाना चाहिए।