संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/करनाल। कैथल रोड पर निसिंग पुलिस थाने के नजदीक सोमवार रात करीब 7:45 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कैथल के फतेहपुर पूंडरी निवासी सुखविंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो आईटीआई में वेल्डर ट्रेड का छात्र था।
सुखविंद्र अपने पिता गगनदीप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर करनाल से अपने गांव लौट रहा था। निसिंग थाने के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार के पास से गुजरते समय अचानक उसका दरवाजा खुल गया। दरवाजे से टकराकर बाइक अनियंत्रित हो गई और पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक दोनों को कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने तुरंत उन्हें निसिंग के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुखविंद्र को मृत घोषित कर दिया। गगनदीप सिंह का उपचार चल रहा है। निसिंग थाना पुलिस ने घायल पिता की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।