पूंडरी विधायक सतपाल जांबा निरीक्षण करते हुए। डीआईपीआरओ
कैथल। विधायक सतपाल जांबा ने शनिवार को रेस्ट हाउस में हरियाणा लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसका उद्देश्य पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए चर्चा करना रहा। बैठक में विभाग के चीफ इंजीनियर हरपाल सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की स्थिति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के बाद विधायक सतपाल जांबा ने विभागीय अधिकारियों के साथ पूंडरी शहर की मुख्य सड़क, अहलूवालिया चौक से पुण्डरीक तीर्थ मार्ग सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों की प्रमुख सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों की वर्तमान स्थिति, यातायात के बढ़ते दबाव और भविष्य में आवश्यक विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर मरम्मत, चौड़ीकरण या सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूरी करने पर विशेष जोर दिया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में भी आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित कर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।
बैठक और निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन वरुण कंसल, एसडीओ रविंद्र कुमार और विधायक कार्यालय की टीम भी मौजूद रही।
पूंडरी विधायक सतपाल जांबा निरीक्षण करते हुए। डीआईपीआरओ